रायबरेली। जिले में करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायतों में बनवाए जा रहे सामुदायिक शौचालयों का लोकार्पण और शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 अक्तूबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से करेंगे। मुख्यमंत्री जिले के कुल 988 कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। 508 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 480 निर्माणाधीन हैं। प्रधानों को ब्लॉक मुख्यालयों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पंचायतराज अधिकारी उपेंद्रराज सिंह ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत सभी 988 ग्राम पंचायतों में एक-एक सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। अब तक 508 सामुदायिक शौचालयों के निर्माण का काम पूरा हो चुका है। 480 निर्माणाधीन हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री 18 अक्तूबर को पूर्ण सामुदायिक शौचालयों का लोकार्पण और निर्माणाधीन कार्यों का शिलान्यास वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से करेंगे। हर ब्लॉक में कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें प्रधानों को शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रधानों ने अपने सहन में बनवाए सामुदायिक शौचालय
जगतपुर ब्लॉक के कई गांवों में प्रधानों ने अपने घर के बगल में ही सामुदायिक शौचालय का निर्माण करा दिया है। एक गांव में तो भूमिधरी जमीन पर निर्माण करा दिया गया है। जगतपुर के बीडीओ राजेश कुमार सिंह के निरीक्षण में मामला पकड़ में आया। बीडीओ का कहना है कि धोबहा गांव में दो स्थानों के लिए प्रस्ताव हुआ था। हालांकि प्रधान के घर के पास निर्माण हो रहा है।
ग्राम पंचायत की जमीन पर ही सामुदायिक शौचालय बनवाया जा रहा है। तिवारीपुर में भूमिधरी जमीन पर निर्माण कराया गया है। जमीन ग्राम पंचायत के नाम कराने के निर्देश दिए गए हैं। मनिहरशर्की में भी प्रधान के घर के पास ही निर्माण कराया जा रहा है। सभी पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों की गुणवत्ता पर नजर रखी जा रही है।