लालगंज तहसील दिवस के बाद सीएमओ डॉ. राकेश यादव ने सीएचसी का निरीक्षण किया। अस्पताल में गंदगी और प्रसूताओं को भोजन न मिलने की शिकायत पर सीएमओ ने अधीक्षक को फटकार लगाई।
सीएमओ ने आकस्मिक ड्यूटी कक्ष, कार्यालय, ऑपरेशन रूम और वार्ड का निरीक्षण किया। धूल खा रही अल्ट्रासाउंड मशीन के लिए सीएमओ ने अधीक्षक डॉ. आरके चौरसिया से सीएचसी में तैनात डॉक्टरों का नाम चुनकर भेजने के लिए कहा, जिससे उसे अल्ट्रासाउंड की ट्रेनिंग कराई जा सके।
इसके बाद सीएमओ महिला वार्ड में भर्ती प्रसूताओं से मिले। वार्ड में भर्ती दतौली निवासिनी सोनी, सोफिया आदि से नाश्ता व खाना मिलने की बात पूछी तो प्रसूताओं ने बताया कि उन्हें केवल चाय और बिस्कुट ही मिला है।
शिकायत मिलने पर सीएमओ भड़क गए और अधीक्षक को निर्देश दिया कि वह ठेकेदार से मिलकर प्रसूताओं को समय से निर्धारित भोजन और नाश्ता दिलवाएं।
सीएमओ ने गंदे बेड, बाथरूम व अस्पताल में गंदगी फैली होने पर नाराजगी जताते हुए साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। मरीजों को दी जा रही दवाओं की स्थिति देखी।
इसके बाद सीएमओ पीटी सेंटर गए, जहां पर उन्होंने बीपी मशीन से अपना ब्लड प्रेशर और अधीक्षक का शुगर चेक कराया। सीवीसी मशीन बंद होने की बाबत पूछने पर कर्मचारियों ने बताया कि पर्याप्त बिजली और तापमान अधिक होने के कारण मशीन कार्य नहीं कर पा रही है।
इसके बाद सीएमओ ने आशा बहू व एएनएम की बैठक ली। सीएमओ ने कहा कि एएनएम अपने सेंटर में रहकर महिलाओं का प्रसव कराएं। प्रसव होने वाली महिलाओं को अस्पताल में मिलने वाली सभी सुविधाएं अपने सेंटर पर दें।