जिला अस्पताल की ओपीडी में चिकित्सक कक्ष के बाहर इंतजार करते मरीज।
रायबरेली। मौसम में बदलाव के कारण सरकारी अस्पतालों में बुखार और जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1650 मरीज पहुंचे। इनमें बुखार-जुकाम के 500 से अधिक मरीज थे। गंभीर 16 मरीजों को भर्ती कराया गया।
मौसम के बदलते मिजाज का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। इससे मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। इनमें अधिकांश मरीज बुखार और जुकाम से पीड़ित थे। सीएचसी और पीएचसी में भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने पहुंचे।
सीएमओ डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण जुकाम-बुखार के मरीज बढ़े हैं। सरकारी अस्पतालों में मरीजों के इलाज के पर्याप्त बंदोबस्त किए गए हैं। अस्पताल अधीक्षकों को पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।