सलोन। हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद शनिवार को चंद्रशेखर रस्तोगी नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और अध्यक्ष की कुर्सी पर दोबारा बैठ गए। प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार राय उन्हें सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यालय तक लेकर पहुंचे। उन्हें अभी वित्तीय अधिकार नहीं मिले हैं। इस संबंध में शासन के निर्देशों का इंतजार है।
नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी प्रियंका तिवारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश के तहत वित्तीय अधिकारों के संबंध में शासन को पत्र भेजकर जानकारी दी गई है। दिशा-निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, चंद्रशेखर रस्तोगी ने 29 दिसंबर 2025 को पारित उस आदेश को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में चुनौती दी थी, जिसके तहत जाति प्रमाणपत्र निरस्त होने के आधार पर उनके वित्तीय अधिकार समाप्त कर दिए गए थे।
करीमगंज निवासी रस्तोगी ने इसके खिलाफ याचिका दाखिल की थी। 15 अक्टूबर को सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने बर्खास्तगी संबंधी आदेश के संचालन और क्रियान्वयन पर रोक लगा दी। इसी के बाद उन्होंने शनिवार को दोबारा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली।
इस मौके पर गोलू रस्तोगी, अशोक रस्तोगी, निरंकार रस्तोगी, राजेंद्र यादव, राजेंद्र सोनकर, दिनेश कुमार और संजय मिश्रा ने उन्हें बधाई दी। एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश का पालन किया जा रहा है। चंद्रशेखर रस्तोगी को अभी वित्तीय अधिकार नहीं मिले हैं। शासन के दिशा-निर्देश मिलने के बाद इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा। मामले की सुनवाई हाईकोर्ट में अभी जारी है।