सतांव (रायबरेली)। श्रीराम दुलारे तिवारी इंटर कॉलेज, ढकिया (कोरिहर) में अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल अभियान के तहत नारी गरिमा और सशक्तिकरण पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि कठिनाइयां हर रास्ते पर आती हैं और चुनौतियां रोज मिलती हैं, लेकिन हिम्मत हारना समाधान नहीं है। आज समय और लोगों की सोच बदल चुकी है, महिलाएं पुरुषों से पीछे नहीं हैं, बल्कि हर क्षेत्र में उनके साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जतुआ टप्पा की महिला चिकित्सक डॉ. अनुप्रिया सिंह और डॉ. ज्योति यादव ने छात्राओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। डॉ. ज्योति यादव ने बताया कि महिलाओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए, जिससे विभिन्न बीमारियों से बचाव हो सके। उन्होंने छात्राओं को सेहत से जुड़े सवाल बेझिझक साझा करने की सलाह दी और मिशन शक्ति के बारे में बताया कि इसके माध्यम से छात्राएं किसी भी कठिन परिस्थिति में तुरंत पुलिस की सहायता ले सकती हैं, क्योंकि यह एक प्रहरी की तरह उनकी सुरक्षा करता है।
डॉ. अनुप्रिया सिंह ने कहा कि छात्राओं को पढ़ाई के साथ अपने शारीरिक और विशेष रूप से मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत रखना बहुत जरूरी है। यदि कोई ऐसी बात या हरकत हो जो उनके मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाए, तो उसकी जानकारी तुरंत अपने अभिभावकों को दें। उन्होंने तनाव से मुक्ति के लिए योग करने और किसी भी ऐसी बेमतलब बात का तनाव न लेने की सलाह दी जिसका कोई औचित्य न हो।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक दीपक तिवारी और प्रधानाचार्य अनूप श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर शिक्षक मंजू, सरोजनी, नीलम, निशी, पूनम और पूर्णिमा आदि उपस्थित रहे।