रायबरेली। पंचायत सभागार दरीबा में जनगणनाकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। दूसरे चरण में शुरू हुए प्रशिक्षण का निरीक्षण करने के लिए शुक्रवार को डीएम हर्षिता माथुर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के बेहतर ढंग से प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे जनगणना के काम में उन्हें किसी भी स्तर पर समस्या न हो। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जो बात उन्हें समय में न आए। उसके बारे में प्रशिक्षण से सवाल करके समस्या का हल कराएं।
प्रशिक्षण में तहसील सदर, लालगंज, सलोन व ऊंचाहार के कुल 62 कार्मिकों व फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। डीएम ने कहा कि सभी प्रशिक्षु प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से ग्रहण करें। जनगणना कार्य में पूर्ण जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करना है, जिससे जिले के सटीक व विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सकें। जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमृता सिंह ने भी जगणना के संबंध में जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी व एसडीएम (न्यायिक) सलोन सचिन यादव आदि मौजूद रहे।