भीड़ के कब्जे से छुड़कर लाए गए लोक निर्माण विभाग के अधिकारी। फाइल फोटो
बछरावां (रायबरेली)। बीती 30 जून को लोक निर्माण विभाग खंड द्वितीय की टीम ने बांदा-बहराइच मार्ग पर बने गायत्री स्तंभ को ढहा दिया था। शिकायत के बाद हुई इस कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने अवर अभियंता लोनिवि कर्मियों को बंधक बना लिया था। इस प्रकरण में बृहस्पतिवार को छह नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
लोक निर्माण विभाग द्वितीय लखनऊ के एक्सईएन बृजभान ने बृहस्पतिवार को सुबह कोतवाली में तहरीर देकर पश्चिम गांव के राहुल, योगेंद्र, अमरेंद्र, सोनू, रामलखन व ओम शंकर को नामजद करते हुए 150 अज्ञात लोगों पर अधिकारियों व कर्मचारियों से अभद्रता करने और हाइवे जाम करने की धाराओं में केस दर्ज कराया। प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार ने बताया की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है।
ग्रामीणों बोले-हमारे साथ धोखा, जल्द करेंगे आंदोलन
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की ओर से बृहस्पतिवार को दर्ज कराई गई रिपोर्ट की खबर जैसे ही क्षेत्र के पश्चिम गांव में तो खलबली मच गई। शाम लोग गांव में जमा हुए और आगे की रणनीति पर मंथन किया। गांव के दिलीप कौशल, चंद्र किशोर व राजू ने बताया कि अफसरों ने उन सबको धोखा दिया है। उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि उनके साथ न्याय होगा किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी। अब जल्द ही बड़ा आंदोलन किया जाएगा।