सरेनी क्षेत्र के दुल्लापुर नहर कोठी में आमरण अनशन पर बैठे किसान।
सरेनी (रायबरेली)। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने रविवार को श्रमिक शक्ति के बैनर तले नहरों में पानी छोड़ने की मांग को लेकर आमरण अनशन शुरू कर दिया। किसान लंबे समय से नहरों में पानी छोड़ने की मांग कर रहे थे। कई बार लिखित शिकायत भी की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
नाराज किसान नेता दूलापुर नहर कोठी परिसर में अनशन पर बैठ गए। भाकियू श्रमिक शक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष शशिकांत तिवारी ने बताया कि डलमऊ बी पंप नहर के अभियंता से लगातार क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़ने की मांग की जा रही थी, लेकिन नहर विभाग के अधिकारियों ने अनदेखी की।
संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष बुद्धिलाल पंडा की अगुवाई में किसानों ने मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष ने बताया कि जब तक नहरों में पानी नहीं छोड़ा जाएगा आमरण अनशन चलता रहेगा। इस मौके पर राजेंद्र विश्वकर्मा, पुनीत शुक्ल, ममता देवी, धीरज पांडेय व कन्हैया लाल सिंह मौजूद रहे।
नहर विभाग के जेई संतोष वर्मा ने बताया कि डलमऊ बी पंप कैनाल का कायाकल्प करा दिया गया है। गंगा नदी की सिल्ट हटाने का काम चल रहा है। जल्द पानी छोड़ा जाएगा।