रायबरेली। रबी सीजन में किसानों को सिंचाई की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। सिंचाई विभाग की ओर से नहरों की सफाई का काम तेजी से हो रहा है। अफसरों का कहना है दिसंबर के पहले सप्ताह में सभी नहरों में पानी पहुंचा दिया जाएगा, ताकि किसानों को गेहूं की पहली सिंचाई कर सकें। इस बार नहरों की सफाई पर खास नजर रखी जा रही है।
जिले स्तर से लेकर उच्चाधिकारी भी सिल्ट सफाई का जायजा ले रहे हैं। बीते दिन सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अचानक जिले का दौरा किया था। उन्होंने हेड से टेल तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। गेहूं की फसल से बेहतर उत्पादन लेने के लिए ज्यादातर किसान 14 नवंबर से बोआई कर देते हैं। गेहूं की पहली सिंचाई 21 से 25 दिन के अंदर करनी पड़ती है। इसे देखते हुए सिंचाई विभाग ने सिल्ट सफाई का काम शुरू करा दिया है।
30 नवंबर तक नहरों की सफाई का लक्ष्य रखा गया है। इस बार 435 नहरों की सफाई कराई जा रही है। सिल्ट सफाई में करीब छह करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। अब तक 60 फीसदी नहरों की सफाई हो चुकी है। शेष नहरों में सिल्ट सफाई का काम चल रहा है। बछरावां, हरचंदपुर, महराजगंज, डलमऊ, सलोन क्षेत्र में ज्यादातर नहरों की सफाई का काम हो चुका है। एक्सईएन सुशील यादव ने बताया कि नहरों की सफाई का काम अंतिम चरण में चल रहा है। दिसंबर के पहले सप्ताह से नहरों में पानी छोड़ा जाएगा।