रायबरेली में शुक्रवार को ऊंचाहार क्षेत्र के गोपालपुर उधवन गांव के पास नहर कटने से खेतों में भरा
ऊंचाहार (रायबरेली)। क्षेत्र से होकर निकली डलमऊ पंप कैनाल की पटरी एक सप्ताह में दूसरी बार कट गई है। इससे खेतों में बोई उर्द, मूंग और गेहूं की फसल में पानी भर गया है। इससे किसानों में गहरी नाराजगी है। सूचना के बावजूद सिंचाई विभाग का कोई अधिकारी व कर्मचारी नहीं पहुंचा। किसानों ने बोरियों में मिट्टी भरकर किसी तरह नहर की पटरी को बांधा।
सचिन जायसवाल, राम आसरे, उमेश, राजकुमार सुखलाल, सीताराम, राजाराम, छेदीलाल, राजेंद्र कुमार, विजय कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को गोपालपुर उधवन गांव के पास नहर की पटरी कट गई। शुक्रवार सुबह जब खेत गए तो नहर के कटने की जानकारी हुई। जब तक पटरी बंध पाती तब तक 50 बीघा खेत में पानी भर गया। किसानों ने बताया कि रविवार को भी इसी जगह पटरी कटी थी, दो दिन तक नहर का पानी खेत में जाता रहा।
करीब 100 बीघा गेहूं, उर्द व मूंग की फसल में पानी भर गया था। किसानों ने बताया कि एनटीपीसी की ओर से हर साल करोड़ों रुपये अनुरक्षण के लिए सिंचाई विभाग को दिया जाता है, लेकिन अनुरक्षण के नाम पर धन का दुरुपयोग किया जाता है। यही वजह है कि नहर की पटरियां जर्जर हैं, सफाई भी नहीं कराई जाती है। सिंचाई खंड दक्षिणी एक्सईएन रामविलास यादव ने बताया कि पटरी की मरम्मत कराई गई थी। दोबारा कटी है तो पटरी को बंधवाया जाएगा।