रायबरेली। कार्तिक पूर्णिमा व अन्य पर्वों के साथ ही संचारी रोग अभियान के तहत जिले की 980 ग्राम पंचायतों में सफाई अभियान पूरा हो गया। डलमऊ, गोकना, रालपुर में पार्किंग स्थलों सहित 6915 स्थानों पर पंचायतीराज विभाग के सफाईकर्मियों की टीमों ने पहुंचकर साफ सफाई के साथ ही दवा छिड़काव का काम किया। साथ ही क्षेत्रीय लोगों से सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील भी की।
सहायक विकास अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण कर कराई गई सफाई व्यवस्था का सत्यापन भी किया। जिला पंचायत राज अधिकारी सौम्य शील सिंह ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के दृष्टिगत पांच अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक जिले में वृहद स्वच्छता अभियान के तहत 980 ग्राम पंचायतों में 1591 सफाई कर्मचारियों को सफाई कार्य में लगाया गया था। कर्मचारियों ने 6915 स्थलों पर झाड़ी कटाई, नाली सफाई, एंटीलार्वा व दवा का छिड़काव करके फॉगिंग कराई। छठ पूजा के दौरान गंगा घाटों की साफ-सफाई भी कराई गई।
इसके साथ ही कूड़े को ई रिक्शा के माध्यम से एकत्रित कर निस्तारित कराया गया। उन्होंने बताया है कि साफ-सफाई के लिए रोस्टर के अनुसार लगाए गए सहायक विकास अधिकारियों ने कर्मचारियों के सफाई कार्य का रैंडम आधार पर निरीक्षण कर सत्यापन भी किया।