रायबरेली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से शनिवार को रतापुर स्थित मंडी में व्यापारियों के प्रतिष्ठानों के पंजीयन और लाइसेंस के लिए कैंप का लगाया गया। शिविर में 13 व्यापारियों के प्रतिष्ठानों का लाइसेंस जारी किया गया। साथ ही 254 व्यापारियों ने पंजीयन कराया।
एफएसडीए के अभिहित अधिकारी इंद्र बहादुर यादव ने शिविर का शुभारंभ करते हुए कहा कि सभी प्रकार की खाने पीने की वस्तुओं को बेचने के लिए लाइसेंस न होने पर एक लाख तक का जुर्माना किया जा सकता है।
उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने कहा कि सभी व्यापारी अपना पंजीकरण व नवीनीकरण निश्चित तिथि के अंदर अवश्य करा लें। जिला प्रभारी संदीप जैन ने अन्य स्थानों पर भी ऐसे ही शिविर का आयोजन करने का आह्वान किया।
शिविर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार, अपराजिता तिवारी, राजेश तिवारी, नितिन कुमार, रमाशंकर पटेल ने एक-एक करके व्यापारियों के प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और पंजीयन की प्रक्रिया को पूरी कराया। इस मौके पर चंद्र प्रकाश गुप्ता, राजेश अग्रवाल, प्रभाकर गुप्ता, रंजीत सिंह बग्गा, पूनम तिवारी, महेंद्र अग्रवाल, दुर्गेश वर्मा आदि मौजूद रहे।