रायबरेली। प्रयागराज में जनवरी में लगने वाले माघ मेले में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को राहत देने की तैयारी है। जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों को बस सेवा देने की कार्ययोजना तैयार की गई है। जिले के 17 गांवों से प्रयागराज (फाफामऊ) के लिए बस की सुविधा उपलब्ध होगी। गांवों से बसें जिला मुख्यालय पहुंचने के बाद प्रयागराज के लिए रवाना होंगी। इससे करीब 300 गांवों के श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।
प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों से सीधे श्रद्धालुओं को प्रयागराज तक पहुंचाने और वापस लाने का काम करेगा। इससे श्रद्धालुओं को सहूलियतें मिलेंगी। मेला में रायबरेली डिपो की 110 बसों को लगाया गया है। ये बसें विभिन्न स्थानों से संचालित होंगी। क्षेत्रीय प्रबंधक ने अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी है। एक जनवरी से 15 फरवरी तक बसों के संचालन की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
गांवों से संचालित बसों को इस बार जिला मुख्यालय होते हुए बेलाकछार (फाफामऊ) तक चलाया जाएगा। जिले के बछरावां, महराजगंज, सरेनी, शिवगढ़, खीरों, छतोह, सलोन समेत सभी ब्लॉकों के श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।
गांवों से माघ मेले के लिए रूट
भोजपुर-रायबरेली-बेलाकछार (फाफामऊ)।
धानीखेड़ा-रायबरेली-बेलाकछार।
भीरा-रायबरेली-बेलाकछार।
विसुनदासपुर-रायबरेली-बेलाकछार।
धई-रायबरेली-बेलाकछार।
तिलोई-रायबरेली-बेलाकछार।
राजामऊ-रायबरेली-बेलाकछार।
इचौली-रायबरेली-बेलाकछार।
गदागंज-रायबरेली-बेलाकछार।
हलोर-रायबरेली-बेलाकछार।
शिवगढ़-रायबरेली-बेलाकछार।
समरौता-रायबरेली-बेलाकछार।
सलोन-लखनऊ-रायबरेली-बेलाकछार।
सरेनी-रायबरेली-बेलाकछार।
डलमऊ-रायबरेली-बेलाकछार।
किठावां-रायबरेली-बेलाकछार।
भवानीगंज-रायबरेली-बेलाकछार।
माघ मेले के लिए श्रद्धालुओं को बेहतर सहूलियतें देने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र की 17 बसों को गांवों से संचालित कराकर जिला मुख्यालय होते हुए प्रयागराज भेजा जाएगा। ऐसे में श्रद्धालुओं को भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
- दिनेशचंद्र श्रीवास्तव, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक
मनोज ओझा