रायबरेली। बाबा विश्वनाथ के दर्शन की राह अब आसान होगी। एक अप्रैल से रायबरेली डिपो से वाराणसी के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। यह बस प्रतापगढ़ होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। वाराणसी के लिए डिपो की यह पहली बस सेवा होगी। सुबह बस रवाना होगी और उसी दिन रात में वापस आ जाएगी।
अयोध्या के लिए सीधी बस सेवा शुरू होने के बाद अब वाराणसी रूट पर नई बस चलाने की तैयारी है। लंबे समय से बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए सीधी बस सेवा शुरू कराने की मांग की जा रही थी। अब तक प्रयागराज और प्रतापगढ़ तक बसों का संचालन कराया जा रहा है। ऐसे में लोगों को वाराणसी पहुंचने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
डिपो प्रशासन आगामी एक अप्रैल से बस सेवा शुरू करने जा रहा है। सुबह सात बजे यह बस रायबरेली डिपो से रवाना होगी, जो शाम को करीब तीन से चार के बीच पहुंचेगी। रात 10 बजे बस फिर वाराणसी से रायबरेली के लिए रवाना होगी। हालांकि, अभी किराया तय नहीं हो सका है।
डिपो का चार गुना तक बढ़ गया मुनाफा
रायबरेली डिपो में बसों के व्यवस्थित संचालन के कारण लाभ चार गुना से अधिक बढ़ गया है। पिछले साल डिपो को 52.77 लाख रुपये का मुनाफा हुआ था, जबकि इस साल 237.22 लाख रुपये का मुनाफा कमाया है। डीजल औसत में भी सुधार आ गया है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक दिनेशचंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम का सराहनीय काम रहा। डिपो में अच्छा काम करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत कराने के लिए सूची भी राज्य मुख्यालय भेजी गई है।
चित्रकूट धाम के लिए भी बस चलाने की तैयारी
चित्रकूट में दर्शन करने के लिए जिले के काफी लोग जाते हैं। यहां के लिए सीधी बस सेवा न होने के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। इस रूट पर बस चलाने के लिए भी मांग की जा रही है। चित्रकूट के लिए बस संचालित कराने के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। अप्रैल माह से इस रूट पर भी बस का संचालन शुरू हो जाएगा।
बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए एक अप्रैल से वाराणसी के लिए सीधी बस सेवा शुरू होगी। चित्रकूट के लिए भी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। यात्रियों को बेहतर सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है।
- दिनेशचंद्र श्रीवास्तव, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक