बछरावां। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आठ करोड़ रुपये की लागत से बछरावां रेलवे स्टेशन का कायाकल्प कराया गया है। निर्माण कार्य पूरा हुए चार माह बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक औपचारिक उद्घाटन नहीं हुआ है। इसके बावजूद स्टेशन पर अव्यवस्थाएं सामने आने लगी हैं।
विज्ञापन
प्लेटफार्म पर यात्रियों के लिए लगाई गई पेयजल की टोंटियां गायब हो गई हैं। इनके स्थान पर लकड़ी ठूंसकर जुगाड़ किया गया है। इससे यात्रियों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। स्टेशन का मुख्य प्रवेश द्वार भी क्षतिग्रस्त होने लगा है।
यात्री संदीप कुमार, गंगा प्रसाद, रामसेवक और दीनदयाल ने नाराजगी जताते हुए निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने गुणवत्ता मानकों की जांच कराने की मांग की है। स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार बाजपेयी ने समस्याओं का समाधान कराने की बात कही है।