रायबरेली। हरचंदपुर के गायत्री धाम नेवाजीपुर से गुरुवार को रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई। हालांकि गायत्री धाम तक सड़क खराब होने के कारण शुरू में बस का संचालन कोंसा गांव से शुरू कराया गया है।
करीब 251 किलोमीटर की दूरी तय कर रोजाना यह बस कोंसा गांव में खड़ी होगी। यह बस सुविधा शुरू होने से नेवाजीपुर समेत क्षेत्र के दो दर्जन गांवों के लोगों को कानपुर आने-जाने में सहूलियत होगी।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रांतीय महामंत्री डॉ. विजय यादव ने गुरुवार को हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कैलाश राम ने बताया कि सुबह आठ बजे रोडवेज की बस कोंसा गांव से कानपुर के लिए रवाना होगी।
कोंसा से गुरुबख्शगंज, खीरों, सेमरी होते हुए बस कानपुर पहुंचेगी। कानपुर से वापस होकर सेमरी, खीरों व गुरुबख्शगंज होते हुए बस रायबरेली पहुंचेगी। यहां शाम को कोंसा के लिए रवाना होगा। रोजाना रात में सवा आठ बसे बस कोंसा पहुंचेगी और सुबह आठ बजे से चलेगी। उन्होंने बताया कि बस का संचालन गायत्री धाम नेवाजीपुर से होना है, लेकिन सड़क खराब होने पर शुरूआत में कोंसा गांव से इसका संचालन हो रहा है।
बस चला दी और किराया पता नहीं
नई बस सेवा शुरू कर दी गई, लेकिन कोंसा से कानपुर और रास्ते के स्टापेज व कहां का कितना किराया तय किया गया। इसकी जानकारी एआरएम को नहीं है। उनसे बसों के स्टापेज और किराए के बारे में पूछा गया तो बताया कि अभी जानकारी नहीं है। जाहिर है कि बिना किसी तैयारी के ही बस चला दी गई।