रायबरेली। डीह थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में रविवार शाम एक दैनिक समाचार पत्र विक्रेता को पहले से घात लगाए बैठे दबंगों ने लाठियों से पीट कर अधमरा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घायल समाचार पत्र विक्रेता को मेडिकल के लिए भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
डीह थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी समाचार पत्र विक्रेता अखिलेश कुमार रविवार शाम भैंस चराकर घर लौट रहा था। गांव के करीब गांव के ही किशनलाल व अभिषेक कुमार पहले से घात लगाए बैठे थे। गाली देते हुए लाठी, डंडे से जानलेवा हमला करके समाचार पत्र विक्रेता को घायल कर दिया। पिटाई से सिर और शरीर पर गंभीर चोट आई है। लोग जब बीच बचाव करने दौड़े तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
वहीं पीड़ित समाचार पत्र विक्रेता बेसुध जमीन पर पड़ा रहा। सूचना पर परिवारीजन मौके पर पहुंचे और डीह पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल समाचार पत्र विक्रेता को मेडिकल के लिए डीह पीएचसी भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। समाचार पत्र विक्रेता अखिलेश कुमार ने गांव के ही किशनलाल व अभिषेक कुमार के खिलाफ डीह थाने में तहरीर दी। एसओ जेपी यादव ने बताया की मारपीट में घायल समाचार पत्र विक्रेता को मेडिकल के लिए भेजा गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सख्त कार्रवाई की जाएगी।