रायबरेली। शहर क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह कार की टक्कर से एक दुकानदार की मौत हो गई। हादसे की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। चालक कार लेकर भाग गया।
शहर के कोऑपरेटिव बैंक के पीछे रहने वाले अपूर्व गुप्ता (27) पुत्र अरविंद गुप्ता की सिविल लाइंस में शृंगार की दुकान है। रोज की तरह सुबह बुलेट से दुकान जा रहे थे। सिविल लाइंस ओवरब्रिज के निकट अग्निशमन विभाग के पास पहुंचे, वैसे ही डिग्री कॉलेज की तरफ आ रही कार से टक्कर हो गई। इससे अपूर्व गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
एक राहगीर ने अपनी कार से अपूर्व को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। बेेटे की मौत की खबर पर जिला अस्पताल पहुंचे पिता के आंसू नहीं थम रहे थे। कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर पर केस दर्ज किया जाएगा।