पानी के तेज बहाव से रायबरेली-परशदेपुर रोड स्थित पनिहा नाले पर बना पुल सोमवार रात मिट्टी कटान होने से क्षतिग्रस्त हो गया। क्षतिग्रस्त पुल से पूरी रात वाहन गुजरते रहे, गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।
वहीं मंगलवार को मुसाफिरों को आवागमन में पसीना छूट गया। कई वाहन पुल पर धंस गए, इससे लोगों को पैदल ही पुल पार करना पड़ा। सूचना पर अफसरों ने पुल की मरम्मत का काम शुरू कराया। धीरे-धीरे लोगों को निकाला जा रहा है, लेकिन भारी वाहन घूम कर जा रहे हैं।
रायबरेली-परशदेपुर रोड स्थित पनिहा नाले पर बना पुल करीब एक साल पहले टूट गया था। पीडब्लयूडी के अफसरों ने ह्यूम पाइप डालकर मिट्टी भराकर अस्थाई पुल बना दिया था।
सोमवार रात पनिहा नाले में पानी के तेज बहाव से मिट्टी में कटान हो गई। सुबह इसकी जानकारी से राहगीरों के रोंगटे खड़े हो गए। ग्रामीणों ने अफसरों को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने मिट्टी की भराई शुरू की। इस रोड से प्रतिदिन करीब 10 हजार राहगीर, टेंपो, बस, ऑटो और प्राइवेट वाहन गुजरते हैं। पुल के क्षतिग्रस्त होने से इन मुसाफिरों को मुश्किलें पेश आईं।
कर्मचारियों ने जेसीबी से मिट्टी की भराई शुरू की तो कई वाहन उसमें फंस गए। इसके बाद लोगों ने पैदल ही पुल पार किया। यही नहीं कई बाइक सवार तो मिट्टी में फंस कर गिर गए।
मरम्मत कार्य के दौरान काफी देर तक आवागमन ठप रहा, जिससे लोगों को जाम से जूझना पड़ा। माना जा रहा है कि बुधवार तक यातायात को सामान्य कर दिया जाएगा।