बस्तियों और धार्मिक स्थल के पास शराब की दुकानें खोले जाने के विरोध में रविवार को बछरावां कस्बे में रविवार को लोगों ने सिर्फ हंगामा किया, बल्कि शराब की दुकानों के बोर्ड उखाड़ कर तोड़ दिया। लोगों का आक्रोश देख दुकानदार मौके से भाग निकले। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। रायबरेली-परशदेपुर रोड पर गोरा बाजार के पास शराब की दुकान खोले जाने को लेकर लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। आक्रोशित महिलाओं ने दुकान बंद न होने पर धरना देने की बात कही।
बछरावां कस्बे के महाराजगंज रोड पर बस्ती के पास देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानें खोल दी गई है। कुछ दूरी पर धार्मिक स्थल भी है। इससे खफा लोगों ने रविवार को हंगामा किया और दुकानें बंद किए जाने की मांग की। दोनों दुकानों के बोर्ड बाहर फेंक दिए। आक्रोश देख दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके भाग खड़े हुए। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। सुनीता, अनीता, राधा, गंगा आदि का कहना है कि शराब की दुकानें खोलने से बस्ती का माहौल खराब हो रहा है।
राजू, नीरज, सुरेश व राजकुमार आदि ने डीएम से दुकानें हटवाए जाने की मांग की। थानेदार लक्ष्मीकांत मिश्रा का कहना है कि मामला शांत करा दिया गया। रायबरेली-परशदेपुर रोड पर गोरा बाजार के पास शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में महिलाओं ने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। अफसरा बेगम, अमीमुननिशा, सरिता, अंजली आदि का कहना था कि यहां पर पहले कई शराब की दुकान नहीं थी।
धार्मिक स्थल भी है। बावजूद यहीं पर दुकानें खोल दी गई है। सूचना पर सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज शिवशंकर गुप्ता पहुंचे और मामला शांत कराया। सदर के आबकारी निरीक्षक पीके मिश्रा का कहना है कि मानक के तहत ही दुकान खुल रही है। लोगों का विरोध गलत है।