यूपी के रायबरेली में 17 दिन बाद रविवार को युवक का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की मौजूदगी में नायब तहसीलदार शंभू शरण पांडेय व कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी संजय कुमार शर्मा ने कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक, शव का ऊपरी हिस्सा गल गया है।
विज्ञापन
मामला ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के पूरे तीर खरौली गांव का है। बताया गया कि गांव निवासी हरिश्चंद्र का बेटा राहुल (25) 16 अप्रैल को अपने साथियों के साथ नसीरनपुर गया था। रात में साथियों ने मां को राहुल के बीमार होने की सूचना दी। उन्होंने एम्स में भर्ती कराने की बात कही।
परिजनों के एम्स पहुंचने पर दोस्तों ने जगतपुर लौटने को कहा। कुछ देर बाद वे राहुल का शव घर पर छोड़कर भाग निकले। परेशान परिजनों ने पूरे तीर खरौली गंगा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। अनीता ने बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का शक जताया। राहुल की मां की गुहार पर डीएम ने शव का पोस्टमार्टम कराने का निर्देश दिया। अब शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।