लालगंज । कस्बे के सूदनखेड़ा मोहल्ले स्थित तालाब में सोमवार को एक महिला का शव संदिग्ध हालात में उतराता मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। कोतवाली क्षेत्र के मलपुरा निवासी रमेशा (50) पत्नी बाल्हेश्वर दो दिन पहले शनिवार को बकरी चराने के लिए घर से निकली थीं। बकरियां तो घर लौट आईं, लेकिन वह वापस नहीं आईं।
बेटे संजय ने बताया कि उन्हें लगा था कि उनकी मां अपने मायके चिलौला चली गईं होंगी। इसी कारण पुलिस को गुमशुदगी की सूचना नहीं दी गई। सोमवार को एक परिचित से तालाब में शव मिलने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान की। परिजनों के मुताबिक रमेशा प्लास्टिक बीनने का भी काम करती थीं।
आशंका है कि वह तालाब में जमा प्लास्टिक निकालने के लिए पानी में उतरी होंगी और डूब गईं। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।