रायबरेली। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा के लिए जिले में उत्तरपुस्तिकाओं की दूसरी खेप शनिवार को पहुंची। इसमें लगभग सवा लाख कॉपियों की आपूर्ति हुई है। इन्हें भी सुरक्षित रखवा दिया गया है। अब तक दो लाख से ज्यादा कॉपियां इस जिले को मिल चुकी हैं।
कॉपियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगवा दिए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 24 अप्रैल से 12 मई तक होंगी। जिले में 105 परीक्षा केंद्र बने हैं और 71828 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
इसलिए इन परीक्षार्थियों को लगभग पांच लाख उत्तरपुस्तिकाओं की जरूरत पड़ेगी। कापियों की आपूर्ति कई चरण में होती है। दो दिन पहले गुरुवार को कॉपियों की पहली खेप ट्रक से आई थी। डीआईओएस डॉ. चंद्रशेखर मालवीय ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए उत्तरपुस्तिकाएं आ रहीं हैं। इन्हें सुरक्षित रखवाया गया है।