रायबरेली। सुपर मार्केट स्थित नगर पालिका कार्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार को नगर पालिका बोर्ड की बैठक हुई। बोर्ड की बैठक में 75 करोड़ से शहर में विकास कार्य कराने का खाका खींचा गया, जिसे सभासदों ने सर्व सम्मति से पास कर दिया।
इस दौरान कुछ सभासदों ने अपनी बात रखते हुए हंगामा किया। इससे कुछ देर बोर्ड की बैठक का माहौल गर्म रहा। हालांकि बाद में सभी को शांत करा दिया गया।
पालिकाध्यक्ष पूर्णिमा श्रीवास्तव, ईओ बालमुकुंद मिश्रा की मौजूदगी में नगर पालिका बोर्ड की बैठक हुई। इसमें मौजूद सभासदों के बीच विकास कार्य कराने को लेकर चर्चा की गई। बताते हैं कि सभासद बृजेश पांडेय ने खुले नालों में ढक्कन रखवाने का मुद्दा उठाया।
सभासद धर्मेंद्र द्विवेदी ने इस मुद्दे को सही बताया और कहा कि ऐसा होने से नागरिकों को राहत मिलेगी। सभासद अमर चौधरी ने बृजेश पांडेय के मुद्दे पर धर्मेंद्र द्विवेदी के बोलने पर एतराज जताते हुए नाराजगी जताई। इसको लेकर सभी सभासदों के बीच कहासुनी के साथ हंगामा हुआ।
इंदिरा नगर की सभासद पूनम तिवारी ने बोर्ड की बैठक में तैयार किए गए प्रस्ताव को बिंदुवार पढ़ने के लिए कहा। ऐसा न होने पर सभासद ने हंगामा किया। हंगामे व नोकझोंक के बीच 75 करोड़ 87 लाख 74 हजार रुपये का बजट पास किया गया। इस मौके पर लिपिक आशुतोष सिंह भी मौजूद रहे।
नगर पालिका की बोर्ड की बैठक में 2021-22 के लिए 75 करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट पास किया गया। नए वित्तीय वर्ष में शहर में इस बजट से आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। पालिकाध्यक्ष और सभी सभासदों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से बोर्ड की बैठक निपटी। विकास कार्य कराना ही पहली प्राथमिकता है।
बालमुकुंद मिश्रा, ईओ
शहर के विकास पर पूरा फोकस किया जा रहा है। पेयजल, सड़क जैसी सुविधाएं लोगों को मिले, इसका ख्याल रखते हुए कार्य कराए जा रहे हैं। यही वजह है कि शहर में विकास कार्य दिख रहे हैं। सड़कों की हालत सुधरी है। मलिन बस्तियों में भी विकास कार्य कराए गए हैं। सर्वसम्मति से 75 करोड़ से ज्यादा का बजट पास किया गया है। इस बजट से शहर में विकास कार्य कराए जाएंगे।
पूर्णिमा श्रीवास्तव, पालिकाध्यक्ष