गदागंज (रायबरेली)। पूरे खरिका मजरे हमीरमऊ के संतराम यादव ने सोमवार को थाने में तहरीर दी। बताया कि सुबह करीब नौ बजे आरोपियों ने मुख्य रास्ते में पशुओं को बांधने के लिए खूंटा लगा दिया। पंचायत के लिए गांव के बुजुर्गाें को बुलाया। इसी बात से नाराज होकर गांव के अभिषेक, विवेक, फूल चंद्र, राम सिंह व रामजीत आए और लाठी-डंडों व चाकू से हमला कर दिया। मारपीट में बेटे संजय व पत्नी सुंदरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
दोनों को ग्रामीणों की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी बालेंदु गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों से मारपीट में महिला समेत पांच लोग घायल हुए हैं। जिनमें दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।