रायबरेली। कारगिल विजय दिवस पर जिला अस्पताल में 26 जुलाई को रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित शिविर में कई और संस्थाएं बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगी। जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर 10 बजे शुरू होगा। इसका शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महेंद्र कुमार मौर्य करेंगे।
ब्लड बैंक के कोऑर्डिनेटर राघवेंद्र सिंह का कहना है कि रक्तदान करने से कोई नुकसान नहीं होता है। इसलिए लोगों को रक्तदान के लिए बढ़-चढ़कर आगे आना चाहिए। डॉ. दीपेंद्र सिंह ने कारगिल विजय दिवस पर लोगों से अधिक से अधिक रक्तदान शिविर में हिस्सा लेने का आह्वान किया है।
अमर उजाला फाउंडेशन के इस शिविर में रोटरी क्लब, भारत स्काउट गाइड, कोचिंग फेडरेशन का भरपूर सहयोग रहेगा। रोटरी क्लब के अध्यक्ष अरविंद्र श्रीवास्तव, स्काउट गाइड के सचिव शत्रुघ्न सिंह, कोचिंग फेडरेशन के अध्यक्ष विक्रम सिंह और समाज सेवी श्यामसुंदर पांडेय भरपूर सहयोग दे रहे हैं।
इन लोगों का कहना है कि शिविर में अधिक से अधिक लोग पहुंचकर रक्तदान करें और लोगों की जान बचाने में अपना योगदान दें। शिविर में हिस्सा लेने के लिए इस नंबर 9451653600 पर संपर्क किया जा सकता है।