परशदेपुर (रायबरेली)। पंचायत उपचुनाव की मतगणना के दौरान डीडीसी पद को लेकर छतोह ब्लॉक मुख्यालय छावनी में तब्दील हो गया। कई घंटे तक अफरातफरी रही। दरअसल भाजपा समर्थित प्रत्याशी कमला देवी को मतगणना पूरी करके 37 मतों से विजेता घोषित कर दिया गया।
विजेता प्रत्याशी से जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रमाणपत्र लेने की बात कही गई। वह समर्थकों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचीं तो अफसरों ने कहा कि अभी परिणाम नहीं आया है। इसलिए प्रमाणपत्र नहीं दिया जाएगा। इसको लेकर भाजपाई खफा हो गए। सभी भाजपाई छतोह ब्लॉक के लिए रवाना हो गए।
इधर, दूसरे डीडीसी प्रत्याशी अवधेश सावंत ने मतगणना में मनमानी का आरोप लगाया। दोनों पक्षों के लोगों के ब्लॉक मुख्यालय पर पहुंचने की वजह से कई थानों की पुलिस के साथ ही पीएसी तैनात करा दी गई। बाद में दोबारा मतगणना कराकर कमला देवी को 98 मतों से विजेता घोषित किया गया। इसके बाद मामला शांत हुआ।
उधर, हारे प्रत्याशी अवधेश सावंत ने निर्वाचन अधिकारी को पत्र देकर आरोप लगाया है कि मतगणना के दौरान मनमानी की गई। इसलिए दोबारा मतगणना कराई गई। एडीएम प्रशासन राम अभिलाष और अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने वहां पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
छतोह द्वितीय से डीडीसी के पद पर जीत हासिल करने वाली प्रत्याशी कमला देवी को 6578 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी अवधेश सावंत 6480 मत मिले। इसके अलावा प्रत्याशी अनूप कुमार को 496, अभिनव कुमार को 424, फूलचंद्र को 1553, बृजलाल को 139, रामनरेश को 199 और हंसराज को 206 मत मिले।