महराजगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में युवक की मौत हो गई, जबकि पत्नी समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब युवक अपनी पत्नी को लेकर ससुराल जा रहा था। इसी दौरान ट्रिपलिंग कर रहे बाइक सवारों की उनसे भिड़ंत हो गई।
घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार बाइक सवार हेल्मेट नहीं लगाए थे।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के अड़ोबर गांव निवासी सियाराम (45) सुबह बाइक से अपनी पत्नी सावित्री मौर्य को लेकर ससुराल मोन महराजगंज जा रहा था।
कैर तिराहा के पास स्थित नइया पुल के पास सामने से आ रहे तीन बाइक सवार शैलेंद्र पुत्र शिवराम, राजेंद्र पुत्र शिवबालक निवासी मोन और उर्मिला पत्नी रामशरन निवासी जेल रोड कोतवाली नगर से जोरदार भिड़ंत हो गई। सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने सियाराम को मृत घोषित कर दिया। अन्य सभी घायलों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाल आरके मिश्रा का कहना है कि बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हुई, जबकि चार लोग गंभीर घायल हुए हैं। बाइक सवार हेल्मेट नहीं लगाए थे। बाइकों को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सियाराम की मौत से परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। वह किसानी करता था। हादसे की सूचना घर पहुंचे तो परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे बेटी ममता, सरिता, आकांक्षा और शिवम को छोड़ गया है। परिवारीजनों के अनुसार ममता की शादी की बात भी चल रही थी, लेकिन शायद ऊपर वाले को कुछ और ही मंजूर था।