ऊंचाहार (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात जीप और बाइक की भिड़ंत होने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया और कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
ऊंचाहार के पट्टी रहस कैथवल गांव के पास बाइक सवार दो युवकों और गाँव के रहने वाले व्यक्ति की जीप से टक्कर हो गई। इसमें गांव के ही रहने वाले बाइक सवार नीरज और रंजीत घायल हो गए। जानकारी पर प्रधान विमला उपाध्याय के बेटे अनुज उपाध्याय ने हस्तक्षेप करके घायलों को अस्पताल व जीप सवार को उनके घर भेज दिया।
प्रधान विमला उपाध्याय का आरोप है कि इसी बीच गाँव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और मेरे पुत्र अनुज के साथ मारपीट करने लगे। उसके बाद दोनों पक्षों से दर्जनों लोग एकत्र हो गए और मारपीट शुरू हो गई। सूचना पर थानेदार धर्मेंद्र दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया।
गांव से एक पक्ष से सषेंद्र उपाध्याय, वीरेंद्र कुमार, सूर्यभान, रमन, सत्यम, ओम नारायन को हिरासत में ले लिया गया। दूसरे पक्ष से प्रधान पुत्र अनुज उपाध्याय, आलोक उपाध्याय, गणेश कुमार, चंद्र कुमार, राजा सिंह, जगतपाल और प्रतापगढ़ जनपद के हीरागंज निवासी अमित कुमार व इंद्रमणि को हिरासत में लेकर सभी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई।