रायबरेली। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज की ओर से संचालित खंड शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) परीक्षा 2019 जिले में बने 26 केंद्रों में कराई जाएगी। परीक्षा 16 अगस्त (रविवार) को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक होगी, जिसमें 10903 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
निर्विघ्न और नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए हर केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे, जबकि निगरानी के लिए नौ सेक्टर मजिस्ट्रेटों को भी तैनात कर उन्हें भ्रमण करते रहने की जिम्मेदारी दी गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रेमप्रकाश उपाध्याय को पुलिस अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शांति व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है। पुलिस अधीक्षक को भी निर्देश दिए गए हैं कि सेक्टर मजिस्ट्रेटों को सशस्त्र पुलिस बल मुहैया कराएं।
परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए दो महिला एवं दो पुरुष पुलिसकर्मी तैनात करने के साथ अतिरिक्त पर्याप्त पुलिस बल भी लगाएं। जिलाधिकारी ने नौ सेक्टर मजिस्ट्रेटों और हर केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को तैनात करने का फरमान जारी कर दिया है।
एक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं चार स्टैटिक मजिस्ट्रेट आरक्षित रहेंगे, जिन्हें जरूरत पड़ने पर तैनात किया जाएगा। आदेश में कहा गया है कि किसी भी भ्रामक/असमंजस की स्थिति में नोडल अधिकारी के रूप में तैनात अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अथवा आयोग के समन्वयी पर्यवेक्षक से परामर्श किया जा सकता है।
नगर पालिका परिषद बालिका इंटर कॉलेज में 384
विबग्योर पब्लिक स्कूल ब्लॉक ए में 384 एवं ब्लॉक बी में 384
एसजेएस पब्लिक स्कूल में 384, राजर्षि रामपाल सिंह वैदिक कन्या इंटर कॉलेज में 384
सर्वोदय इंटर कॉलेज केलौली में 384, लाल ऋषि कन्या इंटर कॉलेज में 384
वसी नकवी नेशनल इंटर कॉलेज में 384, संत कंवर राम इंटर कॉलेज में 384
सत्य नारायणी देवी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज दरियापुर में 384
भारतीय शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज खागीपुर सड़वा में 480
मदर टेरेसा इंटर कॉलेज में 384, वीणा पाणि इंटर कॉलेज में 384
बीएसएस पब्लिक स्कूल में 384, फिरोज गांधी पॉलीटेक्निक ब्लॉक ए में 480 एवं ब्लॉक बी में 480
फिरोज गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में 384
वल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज देदौर में 480
देदौर इंटर कॉलेज देदौर में 384
दुर्गा पब्लिक इंटर कॉलेज देदौर में 480
न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल ब्लॉक ए में 480 एवं ब्लॉक बी में 439
दयावती मोदी पब्लिक स्कूल गंगागंज में 480
गोपाल सरस्वती विद्या मंदिर में 480, सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 384
चौधरी दीनदयाल पटेल इंटर कॉलेज में 480 अभ्यर्थी आवंटित किए गए हैं।
जिलाधिकारी शुभ्रा सक्सेना की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए 13 अगस्त को अपराह्न 3 बजे बचत भवन में बैठक बुलाई गई है, जिसमें सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट 14 अगस्त को अपने निर्धारित सेंटर पर पहुंचकर सारी व्यवस्थाओं को परखेंगे। इस संबंध में अपराह्न 3 बजे तक प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराएंगे।