ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए सोमवार सुबह डीएम सूर्यपाल गंगवार ने अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही जिले में 18 ब्लॉकों में नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई।
दिन भर में मात्र चार ब्लॉकों में एक-एक नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए जिले में सोमवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही 18 ब्लॉकों में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई।
शिवगढ़, छतोह, हरचंदपुर व गौरा ब्लॉकों में एक-एक नामांकनपत्र की बिक्री हुई। इसके अलावा राही, अमावां, सरेनी, खीरों, जगतपुर, ऊंचाहार, रोहनियां, बछरावां, महराजगंज समेत 14 ब्लॉकों में सहायक रिटर्निंग अफसर जमे रहे।
लेकिन नामांकनपत्र की खरीद करने के लिए कोई नहीं आया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी शीतला प्रसाद ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख के लिए 18 ब्लॉकों में शुरू हुई नामांकन पत्रों की खरीद की प्रक्रिया 5 फरवरी को पूरी होगी।
6 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच व नाम वापसी के बाद 7 फरवरी को मतदान के बाद मतगणना होगी। वहीं सपा ने सोमवार को 12 ब्लॉकों के लिए प्रत्याशियों का एलान कर दिया।
सपा के महासचिव मो. इलियास ने बताया कि सीएम की संस्तुति के आधार पर ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशियों की घोषणा की गई है।
इसमें बछरावां से विक्रांत अकेला, महराजगंज से उमाशंकर, जगतपुर से शांती देवी, रोहनियां से शिव कुमार यादव, डलमऊ से अर्चना, दीनशाहगौरा से मीना पांडेय, राही से राजकुमारी पासवान, सतांव से चंद्रपाल सिंह, खीरों से उमाशंकर यादव, लालगंज से अनंतेश सिंह, सरेनी से राजदुलारी और सलोन से निर्मला देवी शामिल हैं।
महासचिव ने बताया कि अन्य ब्लॉकों के लिए सूची विचाराधीन है, जिसकी जल्द घोषणा कर दी जाएगी।