रायबरेली। नए साल के आगमन के साथ साइबर ठगों ने जाल बिछाने शुरू कर दिए हैं। जालसाज लोगों को हैप्पी न्यू ईयर का संदेश भेजकर खाते खाली कर रहे हैं। शातिर हैकर संदेश के साथ एपीके फाइल भेज रहे हैं। इस पर क्लिक करते ही फोन हैक हो जाते हैं। इसके बाद ठग बैंक खातों से सारी रकम ट्रांसफर कर ले रहे हैं। ऐसे में अगर आपके पास अनजान नंबर से कोई एपीके फाइल के साथ संदेश भेजता हैए तो सावधान हो जाएं। ठग लोगों को डराने के लिए गाड़ी का चालान कटने, बिजली बिल अधिक आने या लोन ऑफर जैसे मैसेज भेजते हैं। चालान कटने का मैसेज पढ़कर लोग फौरन एपीके फाइल पर क्लिक कर देते हैं। यही हाल बिजली का ज्यादा बिल आने का मैसेज पढ़कर भी होता है। पुलिस लगातार जनता को जागरूक कर रही है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी अजय सिंह तोमर कहते हैं कि नए साल पर एपीके फाइल भेजकर 13 फ्राड के मामले सामने आ चुके हैं। एआरटीओ के अधिकारी बनकर वाहन का चालान होने के नाम पर इन मामलों में करीब 60 हजार रुपये की ठगी की गई है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ.यशवीर सिंह का कहना है कि मोबाइल फोन पर एपीके फाइल आए तो उसे कतई डाउनलोड नहीं किया जाना चाहिए। लोग इसको लेकर सतर्क रहे। जागरूकता के जरिए ही साइबर अपराध से बचा जा सकता है। यदि इसका शिकार हो जाए तो तुरंत पुलिस को सूचना देनी चाहिए। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। अमर उजाला भी साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर लोगों को जालसाजों से बचाव का तरीका बता रहा है। आप के साथ भी ठगी की कोई घटना हुई है तो साझा करें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। आप हमें 8960868286 पर संपर्क कर सकते हैं।
एपीके फाइल के बारे में जानें
एपीके (एंड्रॉइड पैकेज किट) फाइल या कोई एप्लिकेशन इंस्टॉल करने के लिए इस्तेमाल की जाती हैं। सामान्य तौर पर इन्हें गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जाता है। हालांकि साइबर ठग इन फाइलों का दुरुपयोग ठगी में कर रहे हैं। एपीके फाइनल डाउनलोड होते ही यह मोबाइल फोन में कई तरह की अनुमतियां ले लेती है। इससे अपराधियों को लोगों की फोटो, वीडियो, ओटीपी और बैंकिंग डाटा तक पहुंच हो जाती है। इन पर ठगों का नियंत्रण हो जाता है।
एपीके फाइल डाउलोड किया तो कट गए 13 हजार
सत्य नगर निवासी राहुल वर्मा ने अपने दोस्त के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए आपबीती साझा की। बताया कि नए साल पर उनके दोस्त के मोबाइल फोन पर एपीके फाइल साइबर ठगों ने भेजी थी। एपीके फाइल डाउनलोड करते ही दोस्त के खाते से 13 हजार रुपये उड़ गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।