राष्ट्रपिता महात्मा गॉधी के 68 वें शहीद दिवस पर शहर व जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को कांग्रेस कार्यालय तिलक भवन में राष्ट्रपिता के चित्र पर माल्यार्पण कर कांग्रेसियों ने अहिंसा के दूत बापू को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उमा शंकर मिश्रा ने कहा कि आज जो माहौल है उसे सिर्फ गांधी जी के विचारों और सिद्धांतों पर चल कर ही सुधारा जा सकता है।
क्योंकि गांधी जी ने जात-पात धर्म, छुआ-छूत से ऊपर उठकर आपसी भाईचारे व एकता का संदेश दिया है। शहर अध्यक्ष सईदुल हसन ने कहा कि अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए बापू ने हिंदुस्तान को स्वतंत्र कराने में अहम भूमिका निभाई।
कार्यकारी अध्यक्ष रमेश शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष वीके शुक्ल, सुनील श्रीवास्तव, राजकुमार दीक्षित आदि ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
उधर, नेहरू युवा केंद्र की ओर से शनिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर युवाओं ने स्वच्छता का संकल्प लिया। फिरोज गांधी इंटर कॉलेज में लगी गांधी जी की प्रतिमा की सफाई करने के बाद माल्यार्पण किया गया।
इस मौके पर जिला युवा समन्वयक अनिल चतुर्वेदी, लेखाकार मो. रिजवान खान, शैलेंद्र खान, शैलेंद्र प्रताप सिंह, शालिनी गौतम आदि मौजूद रहे।
इन्हौना प्रतिनिधि के मुताबिक अमेठी जिले के ज्ञानदायनी बाल विद्या मंदिर सेमरौता में महात्मा गांधी की पुण्य तिथि मनाई गई। प्रधानाचार्य अरुण मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को गांधी के बारे में जानकारी दी।
इस मौके पर शैलेंद्र वर्मा, बनवारीलाल मिश्रा, महेंद्र त्रिपाठी, राजनारायण यादव, विश्राम मौजूद रहे। पं. रामेश्वर बाजपेयी स्मृति महाविद्यालय मुंशीगंज में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि सर्वधर्म सभा के रूप में मनाई गई।
रोवर्स-रेंजर्स इकाई ने सभी को गांधी के आदर्शों को अपनाने पर जोर दिया। प्राचार्य डॉ. एसबी मिश्र ने कहा कि गांधी एक राष्ट्रपिता होने के साथ-साथ एक राष्ट्र संत भी थे।
हिंदी प्रवक्ता विजय सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य अहिंसा का सिद्धांत आज भी प्रासंगिक है। रेंजर प्रभारी डॉ. सुधा शुक्ला, रोवर प्रभारी डॉ. मनोज चौधरी, प्रवक्ता दिनेश श्रीवास्तव, डॉ. अमृता बाजपेयी आदि ने विचार व्यक्त किये।