फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पानी भरे टब में मुंह के बल गिरी बच्ची, मौत

Sat, 16 Sep 2017 11:38 PM IST
अमर उजाला/रायबरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
ऊंचाहार थाना क्षेत्र में शनिवार को पानी भरे टब में डूबकर एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। दो वर्षीय मासूम गौरी आंगन में खेल रही थी। मां घर के बाहर काम कर रही थी। कुछ देर बाद मां घर के अंदर पहुंची तो बच्ची टब में पड़ी थी। उसे बाहर निकालकर चिकित्सक के पास पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गौरी की मौत से परिवारीजनों में जहां कोहराम मच गया, वहीं घटना को जिसने भी सुना वह दंग रह गया। हालांकि बाद में परिवारीजनों ने शव को अंतिम संस्कार कर दिया।
विज्ञापन


मामला क्षेत्र के बरसवा मजरे कंदरावां गांव का है। गांव निवासी राकेश कुमार की दो वर्षीय बेटी गौरी घर के आंगन में खेल रही थी। उसकी मां सुनीता घर के बाहर काम कर रही थी।  सुनीता के मुताबिक आंगन में एक टब में पानी रखा हुआ था। खेलते-खेलते गौरी टब तक पहुंच गई और वह मुंह के बल उसमें गिर गई। उस समय घर के अंदर कोई नहीं था। इसलिए कोई उसको देख नहीं पाया और उसकी मौत हो गई।

काफी देर बाद मां बाहर से अंदर गई तो उन्होंने अपनी बेटी को टब में औधे मुह पड़े देखा तो बाहर निकाला। तत्काल उसको पास के एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर ग्रामीणों का मजमा लग गया। हर कोई घटना को सुन कर दंग रह गया।
विज्ञापन


सुनीता तो दुधमुही बच्ची की मौत से अपने आंसू नहीं रोक पा रही थी। बार-बार उसे याद करके रो पड़ती। इसके अलावा अन्य परिवारीजनों की चीख गूंज रही थी। बाद में परिवारीजनों ने मासूम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। एसओ धनंजय सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी नहीं है। इसे दिखवाया जाएगा।

उधर, सलोन में कुंए के अंदर से बाल्टी निकलना युवक को महंगा पड़ गया। बाल्टी निकालने के दौरान कुएं के अंदर की मिट्टी गिरने से युवक उसी में दब गया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पहुंचकर शव को बाहर निकाला। पूरे भाटन मजरे रतासों निवासी बसंतलाल (35) की शनिवार दोपहर को कुएं में पानी निकालने के दौरान बाल्टी गिर गई थी। बाल्टी को कुंआ से निकालने के लिए युवक रस्सी के सहारे कुएं में उतरा था।

इसी दौरान कुएं की मिट्टी सहित उसके ऊपर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से युवक की कुएं में ही दर्दनाक मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी जीडी शुक्ला ने बताया कि शव को कुएं से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

इसी कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को स्नान करने गया छात्र सई नदी में डूब गया। नदी में मछली का शिकार कर रहे लोग जब तक छात्र को बाहर निकालते, तब तक उसकी मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई, जब विनोद दोस्तों के साथ नहाने गया था। घटना की जानकारी होने पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मृतक छात्र कक्षा 10 का छात्र था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लिखापढ़ी के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

सलोन कोतवाली क्षेत्र पूरे गहरवार सिरसिरा निवासी शंभू वर्मा का बेटा विनोद कुमार (15) गांव के ही अपने दोस्त अनिल कुमार, विपिन, अनिल और सुशांत के साथ सई नदी में नहाने गया था। सभी लोग पानी में लुका छिपी का खेल खेलने लगे। इसी दौरान विनोद काफी गहराई में चला गया। इससे वह डूबने लगा। विनोद ने अपने दोस्तों को आवाज लगाकर बचाने की गुहार लगाई।

साथियों के चिल्लाने पर आसपास मछली का शिकार कर रहे गोताखोरों ने छात्र को बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई। काफी खोजबीन के बाद उसका शव मिला। घटना की जानकारी पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक लक्ष्येश्वर विद्यापीठ इंटर कॉलेज रग्घुपुर में कक्षा 10 का छात्र था। बड़ी बहन करिश्मा भी इसी विद्यालय में इंटर की छात्रा है। घर के एक इकलौते चिराग के बुझ जाने से परिवार में मातम छाया है। कोतवाल जीडी शुक्ला ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें