सलोन। सरकारी राशन में घटतौली की शिकायत करने पर रवि सिंह, उसकी मां और बहन पर धारदार हथियार से हमला किया गया। इस हमले में रवि गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने कोटेदार समेत छह हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
झाऊ का पुरवा मजरे बिसाइया पोस्ट रेवली में प्रेम कुमार पासी की सरकारी खाद्यान्न वितरण की दुकान है। भानु प्रताप के अनुसार, दुकान पर राशन वितरण में घटतौली हो रही थी। रवि सिंह ने इसकी शिकायत संबंधित विभाग, उच्चाधिकारियों और शासन के पोर्टल पर की थी। शिकायत के बाद मामले की जांच भी शुरू हो गई थी।
इसी शिकायत से नाराज कोटेदार पक्ष ने कुछ दिन पहले रवि को रास्ते में रोककर मारपीट की थी। इसकी शिकायत भी पुलिस में की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। रात करीब 10 बजे छह लोग रवि के घर में घुस गए और उस पर हमला कर दिया। रवि को बचाने दौड़ी मां रामा देवी और बहन के साथ भी मारपीट की गई।
सीओ सलोन इंद्र बहादुर पाल ने बताया कि घायल रामा देवी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें कोटेदार प्रेम कुमार पासी, उसके पिता राम कृपाल पासी, अमर पासी, राजकुमार पासी, रावेंद्र पासी और चंद्रपाल पासी नामजद हैं। पुलिस ने आरोपी कोटेदार प्रेम कुमार पासी, चंद्रपाल पासी और राजकुमार पासी को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।