स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की मनमानी के खिलाफ बुधवार को क्षेत्र की आशा बहुओं का आक्रोश फूट पड़ा। आशा बहुओं ने रायबरेली-लालगंज राजमार्ग जाम कर दिया। नारेबाजी और प्रदर्शन कर विभागीय अफसरों पर भुगतान के बदले सुविधा शुल्क वसूलने का आरोप लगाया।
मौके पर पहुंचे डिप्टी सीएमओ डॉ. एसके चक और आक्रोशित महिलाओं के बीच जमकर नोकझोंक हुई। काफी समझाने बुझाने के बाद आशा बहुओं ने जाम हटाया। इस दौरान करीब चार घंटे तक हाईवे पर आवागमन पूरी तरह से ठप रहा। दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।
विरोध प्रदर्शन कर रही रिंकी गुप्ता, ऊषा बाजपेई, सरिता सिंह, सुनीता सिंह, सुषमा सिंह व निर्मला देवी आदि आशा बहुओं ने आरोप लगाया कि जेएसवाई, दवा वितरण और टीकाकरण के बदले मिलने वाले प्रोत्साहन राशि के भुगतान में आशा बहुओं से सुविधा शुल्क वसूला जा रहा है।
सुविधा शुल्क न देने पर भुगतान नहीं किया जाता। इससे पहले भी सीएचसी में तालाबंदी करके विरोध जताया था। तब अफसरों ने चार माह से बाकी भुगतान दीपावली से पहले कराने का आश्वासन तो दिया था, लेकिन भुगतान नहीं कराया।
सभी ने आरोप लगाया विभागीय अफसर आशा बहुओं का शोषण कर रहे हैं। यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अफसरों की मनमानी के खिलाफ आशा बहुएं एकजुट होकर आवाज उठाएंगी। रोड जाम की सूचना पर डिप्टी सीएमओ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने आशा बहुओं को समझाने की कोशिश की तो वे और भड़क उठीं। इस दौरान डिप्टी सीएमओ और आशा बहुओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। डिप्टी सीएमओ ने जल्द भुगतान कराने का भरोसा देकर आवागमन शुरू कराया। इसके बाद सीएचसी में सीएमओ डॉ. राकेश कुमार और आशा बहुओं के बीच वार्ता हुई। सीएमओ ने जल्द भुगतान का आश्वासन दिया है।