खीरों। ब्लॉक की 60 ग्राम पंचायतों में नियुक्त आशा बहुओं और आशा संगिनी को जुलाई से मानदेय नहीं मिला। शनिवार को नाराज स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने सीएचसी परिसर में धरना दिया और सीएचसी अधीक्षक डॉ. भावेश सिंह को अपनी मांगों के समर्थन में एक मांग पत्र सौंपा। इससे पहले भी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की ओर से मांगपत्र सौंपा गया था, लेकिन उस पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
आशा संगिनी व आशा बहू गायत्री श्रीवास्तव, शन्नो शुक्ल, भानुमती, प्रीती, नीतू शर्मा, परमजीत व पुष्पा का कहना है कि बीते जुलाई से उनको 48 मदों में से किसी भी एक मद की प्रोत्साहन राशि और मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही आशा संगिनी गायत्री श्रीवास्तव ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र में आठ आशा संगिनी और 158 आशा बहुएं अपनी सेवाएं दे रही हैं।
चार माह से उनको भुगतान नहीं दिया जा रहा है। इसको लेकर सभी कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। शीघ्र भुगतान न हुआ तो जिला और प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि आशा संगठन की ओर से भुगतान न मिलने संबंधी एक ज्ञापन दिया गया है। जिसे विभाग के उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। दो माह का बकाया भुगतान जल्द कराया जाएगा।
पैसे के अभाव में चली गई बेटे की जान
धरना प्रदर्शन के दौरान खीरों की आशा बहू प्रीती ने रोते हुए बताया कि पैसे के अभाव में नौ साल के बेटे नैना का इलाज नहीं हो सका। 18 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि इसे तत्काल वेंटिलेटर की जरूरत है, जो एम्स या लखनऊ में मिलेगा। बेटे को लेकर एम्स गई। वहां बेड खाली न होने की बात कहकर लौटा दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। प्रीती का कहना है कि पैसे होते तो बेटे का इलाज प्राइवेट अस्पताल हो जाता।