रायबरेली। सदर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात रेलवे स्टेशन के पास मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी को दबोच लिया। इसके पास से 315 बोर का तमंचा बरामद किया। पकड़ा गया अपराधी शहर के टॉपटेन की सूची में शामिल है।
सदर कोतवाल अतुल सिंह को सूचना मिली कि कई मामलों में फरार चल रहा अपराधी सचिन सोनकर निवासी कृष्णा नगर रेलवे स्टेशन के पास मौजूद है।
इस पर कोतवाल उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार अवस्थी, प्रवीण गौतम के साथ मौके पर पहुंचे तो अपराधी ने तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर उसे दबोच लिया।
गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। कोतवाल ने बताया कि पकड़ा गया सचिन शातिर किस्म का अपराधी है। वह शहर का टॉपटेन अपराधी है। उसके साथी अनिल दुबे को इसी माह गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फरार सुभाष कश्यप की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।