मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में असुरक्षा को लेकर खिलाड़ियों का गुस्सा शुक्रवार को फिर फूट पड़ा। आक्रोशित खिलाड़ियों ने जिला क्रीड़ा अधिकारी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया। डीएम से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।
खिलाड़ी बृजमोहन, अनुरूद्ध, अनूप का कहना है कि स्टेडियम में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। आए दिन साइकिल और बाइक चोरी हो रही है। गेट के बाहर ही बाइक रोक दी जाती है। हाल ही में खिलाड़ी दीपक सिंह की बाइक चोरी हो गई। जिला क्रीड़ा अधिकारी से शिकायत करने पर दुर्व्यवहार किया जाता है।
अभिषेक, प्रदीप कुमार, धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि मैदान में पानी का छिड़काव नहीं कराया जाता है। इससे ट्रैक पर दौड़ने के दौरान कई कई खिलाड़ी घायल हो चुके है। पानी लगाने की बात कहने पर जिला क्रीड़ा अधिकारी असमर्थता जताती है।
सभी ने जिला क्रीड़ा अकिारी को निलंबित करने और भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की है। उधर, जिला क्रीड़ा अधिकारी नसरीन बानों का कहना है कि आरोप गलत है। पानी का छिड़काव समय-समय पर कराया जाता है।
राष्ट्रगान के अपमान का भी लग चुका आरोप
इससे पहले भी जिला क्रीड़ा अधिकारी पर राष्ट्रगान का अपमान करने का खिलाड़ी आरोप लगा चुके हैं। मामले में डीएम से भी शिकायत की थी। बाद में कुछ लोगों के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों में सुलह हो गई। एक बार फिर से खिलाड़ियों ने जिला क्रीड़ा अधिकारी की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा दिया है।