रायबरेली। अमर उजाला की ओर से आयोजित अलग-अलग बोर्डों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। जिले के 50 मेधावियों को भविष्य ज्योति सम्मान से नवाजे जाने के लिए 28 जून को समारोह आयोजित किया जाएगा। कलक्ट्रेट के बचत भवन सभागार में सुबह 9 बजे से होने वाले इस समारोह में जिलाधिकारी नेहा शर्मा के हाथों मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। एसपी सुनील कुमार सिंह भी मेधावियों को सम्मान देकर उनका हौसला बढ़ाएंगे।
समारोह में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में जिला स्तर पर टॉप-10 सूची में शामिल मेधावियों के साथ ही केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद के मेधावियों और आईसीएसई और आईएससी के मेधावियों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह की तैयारियां पूरी हो गई हैं। कलक्ट्रेट परिसर स्थित बचत भवन सभागार में सुबह 9 बजे से होने वाले कार्यक्रम में कई शख्सियतें भाग लेंगी। मेधावियों के साथ उनके परिवारीजनों भी उपस्थित होंगे।