लक्ष्य न ओझल होने पाए, कदम मिलाकर चल, सफलता तेरे कदम चूमेगी, आज नहीं तो कल..। एक मंच साझा हुआ तो कुछ ऐसी आवाज हर तरफ से निकली। सब में गजब का उत्साह दिखा तो पुरुषों के साथ कदमताल करने का जज्बा भी। मौका था शुक्रवार को अमर उजाला और प्रदेश सरकार के साझा प्रयास से सिविल लाइंस स्थित सूर्या होटल में नारी सम्मान एवं सशक्तीकरण संगोष्ठी के आयोजन का।
मंच से समाज में अपनी जगह बनाने वाली महिलाओं ने अपने अनुभव साक्षा किए। अधिकारियों ने भी महिलाओं से संबंधित सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला और योजनाओं का लाभ लेने को महिलाओं का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शत्रुघ्न वैश्य ने दीप प्रज्वलित करके संगोष्ठी का शुभारंभ किया। एडीएम ने कहा कि महिलाएं अब पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं। कुछ क्षेत्रों में तो महिलाओं ने पुरुषों को भी पीछे छोड़ दिया है। महिलाओं की सुरक्षा व उनके सशक्तीकरण के लिए प्रदेश सरकार ने अच्छे काम किए और तमाम योजनाएं चलाई हैं। कहा कि महिलाएं जागरूक हों और अपने अधिकारों के लिए आगे आएं। कन्या विद्या धन योजना, समाजवादी पेंशन, लैपटॉप वितरण आदि योजनाओं का लाभ उन्हें मिल रहा है।
सीओ सदर श्वेता श्रीवास्तव ने कहा कि आज शिक्षा, महिला जागरूकता, सुरक्षा तीन मुख्य विषय हैं। इनमें खासकर महिला सुरक्षा अहम मुद्दा है। सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए बेहतर कार्य कर रही है। इसके लिए वुमेन पावर लाइन 1090 की सुविधा अभी हाल में ही दी गई है। इस नंबर पर कोई भी पीड़ित महिला अपनी शिकायत दर्ज करा सकती है। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाती है। सीओ ने कहा कि महिलाओं को स्वयं जागरूक होकर अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर होने की जरूरत है।
एसीएमओ डॉ. एसके चक ने कहा कि महिलाओं को स्वास्थ्य के लिए सरकार बेहतर प्रयास कर रही है। जननी सुरक्षा योजना संचालित की जा रही है, जिसका लाभ प्रसूताओं को मिल रहा है। इसके अलावा विभिन्न योजनाएं चल रही हैं, जिनका लाभ जच्चा-बच्चा को मिल रहा है।
खंड शिक्षा अधिकारी नगर सुनील प्रजापति ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में बालिकाओं की शिक्षा के लिए कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय योजना संचालित है, जिसमें बालिकाओं की शिक्षा को लेकर बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। इतना ही नहीं, बालिकाओं की सुरक्षा हेतु उन्हें जूडो कराटे का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
एफजी कॉलेज की हिंदी विभाग की प्रोफेसर डॉ. चंपा श्रीवास्तव ने कहा कि पुरुष तो बेकार बैठ सकते हैं, लेकिन नारी हर हाल में काम करती है। कहा कि नारी देश से लेकर विदेश तक में प्रतिभा का लोहा मनवा रही है।
सीडीपीओ सतांव चंद्रावती सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से हौसला पोषण योजना में गर्भवती महिलाओं के साथ-साथ कुपोषित बच्चे भी लाभान्वित हो रहे हैं। इंदिरा गांधी उद्यमिता विकास संस्थान के निदेशक वीके जायसवाल ने बताया कि प्रदेश सरकार कौशल विकास मिशन के जरिए युवतियों को रोजगारपरक कोर्स करवाकर अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद कर रही है। सत्यमित्रानंद डिग्री कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।