रायबरेली। ऐशबाग माइनर पर कब्जा करने वाले सगे भाइयों समेत तीन और कब्जेदारों के खिलाफ बेदखली का आदेश आया है। सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार ने कब्जेदारों को बेदखल करने के साथ ही 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। एक माह के अंदर जुर्माने की राशि को जमा करने के आदेश दिए गए हैं।
अब तक 53 कब्जेदारों के खिलाफ बेदखली के साथ ही 2.36 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट ने मुकदमे की सुनवाई पूरी करते हुए अकबरपुर कछवाह निवासी सगे भाइयों उदयभान व प्रमोद कुमार पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। तपापुर निवासी ओम प्रकाश पर भी 10 हजार रुपये का जुर्माना किया है। तीनों कब्जेदारों के खिलाफ बेदखली का आदेश भी दिया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार ने बताया कि जल्द ही मुकदमों की सुनवाई पूरी करते हुए संबंधितों के खिलाफ बेदखली आदेश के साथ ही जुर्माना किया जाएगा।