शहर के रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।
रायबरेली। ठंड के मौसम में ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा। ट्रेनों के निरस्त होने से भी दिक्कतें बढ़ी हैं। बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस के इंतजार में तो यात्रियों को पूरी रात बैठे रहना पड़ा। यह ट्रेन बृहस्पतिवार को मध्यरात्रि में आनी थी, लेकिन सवा आठ घंटे देर से शुक्रवार सुबह पहुंची। बनारस से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और सिंगरौली से टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस निरस्त होने के कारण शुक्रवार को नहीं आई।
शुक्रवार को हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल सवा तीन घंटे, सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस व आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस दो घंटे, देहरादून-बनारस जनता मेल पौने दो घंटे, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल डेढ़ घंटे, लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर सवा घंटे विलंब से पहुंची। दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस, बनारस-देहरादून जनता मेल, प्रयागराज-कानपुर पैसेंजर, कानपुर-प्रयागराज पैसेंजर ने एक घंटे, ऊंचाहार-रायबरेली पैसेंजर ने पौन घंटे और गोरखपुर-प्रयागराज वंदेभारत एक्सप्रेस ने आधे घंटे इंतजार कराया।
बृहस्पतिवार की रात वाराणसी-जोधपुर मरुधर एक्सप्रेस तीन घंटे, प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर दो घंटे, बीकानेर-हावड़ा सुपरफास्ट सवा घंटे और वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे देर से आई। प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस ने पौन घंटे और कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस ने आधे घंटे इंतजार कराया।
यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि लंबी दूरी की कुछ ट्रेनें ज्यादा लेट हो रही हैं। ट्रेनों का संचालन इस जिले में प्रभावित नहीं हुआ है। सभी ट्रेनें पहले से लेट होने के कारण देर से आ रही हैं।