रायबरेली। ग्राम कुचरिया के कंपोजिट विद्यालय में सोमवार को बड़ी लापरवाही सामने आई। छुट्टी के बाद पूरा स्टाफ स्कूल में ताला लगाकर चला गया। इस दौरान कक्षा चार का छात्र संजीत भीतर ही बंद हो गया। करीब चार घंटे तक वह स्कूल में ही भूखा-प्यासा रोता रहा। मदद की गुहार लगाता रहा। शाम तक वह घर नहीं पहुंचा तो खोजबीन शुरू हुई।
परिवारीजन तलाशते हुए शाम को स्कूल में पहुंचे तो कक्षा से रोने की आवाज आई। इस पर ग्रामीण एकत्र हो गए और हंगामा करने लगे। पुलिस बुलाई गई। स्कूल का ताला तोड़कर संजीत को बाहर निकाला गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने बताया कि घटना के बारे में राही के खंड शिक्षा अधिकारी बृजलाल ने जानकारी दी है। उनसे पूरे घटनाक्रम की जांच करते हुए आख्या मांगी गई है। यह बड़ी लापरवाही है। जिम्मेदार स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खिड़की तोड़ने की कोशिश की, दरवाजा भी पीटा...
संजीत ने बताया कि पढ़ाई के दौरान ही कक्षा में सो गया था। आंख खुली तो खुद को कमरे में बंद पाया। खिड़की तोड़ने की कोशिश की। दरवाजे को भी पीटा, लेकिन मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा। करीब चार घंटे तक कमरे में बंद रहने के कारण भूख-प्यास से बुरा हाल रहा। करीब सात बजे संजीत को स्कूल के कक्ष से बाहर निकला गया। परिवार को देखकर वह रोने लगा। किसी तरह से चुप कराया गया। घटना से वह सहम गया है।वहीं, परिजनों ने शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए भदोखर थाने में तहरीर दी है।