फिरोज गांधी महाविद्यालय में दाखिले के लिए सोमवार से काउंसलिंग शुरू हो गई। पहले दिन इसमें बीए में 62, बीएससी में 83 और बीकॉम में 36 छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
दिनभर में 181 स्टूडेंट्स ने दाखिले की औपचारिकता पूरी कराकर प्रवेश लिया। औपचारिकताएं पूरी न होने पर कई स्टूडेंटों को वापस लौटना पड़ा। हालांकि चार दिन तक ये किसी भी दिन कॉलेज आकर औपचारिकताओं को पूरा करा सकते हैं।
एफजी में बीए में 960, बीएससी में 420, बीकॉम प्रथम वर्ष में 180 सीटों पर दाखिले के लिए सोमवार सेे काउंसलिंग शुरू हुई। पहले ही दिन दाखिला कराने के लिए स्टूडेंटों की भीड़ एकत्र हुई।
औपचारिकताओं को पूरा कराने के लिए छात्र-छात्राओं को इधर-उधर दफ्तरों के चक्कर काटने पड़े। तमाम स्टूडेंट टीसी व अन्य दस्तावेज लेकर नहीं पहुंचे। उन्हें अन्य किसी दिन आकर दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया।
खास बात यह कि हाई मेरिट वाले तमाम स्टूडेंट पहले दिन काउंसलिंग में शामिल नहीं हुए। हालांकि उन्हें अगले तीन दिन में किसी भी दिन पहुंचकर दाखिला लेने का मौका है।
प्राचार्य डॉ. एसके पांडेय ने बताया कि काउंसलिग शुरू हो गई है। पहले दिन काउंसलिंग में बीएससी बायो में 38, बीएससी मैथ में 45, बीए में 62 और बीकॉम में 36 विद्यार्थियों ने औपचारिकताएं पूरी कराकर दाखिले की प्रक्रिया पूरी कराई।