रायबरेली। कोचिंग संस्थानों के पंजीकरण के लिए तीन दिवसीय संयुक्त शिविर का मंगलवार को भी आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर यह शिविर आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य संस्थानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पंजीकृत कराना है। इस दौरान कोचिंग संचालकों की शंकाओं को दूर किया गया।
उन्होंने साफ कहा कि मानक के बिना कोई कोचिंग नहीं चलेगी। शिविर में रायबरेली कोचिंग संगठन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में संचालकों ने आवेदन दिए। पहले दिन आरडीए सचिव, विद्युत विभाग और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने संचालकों की शंकाएं दूर कीं। जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना पंजीकरण कोई संस्थान नहीं चलेगा। उन्होंने सभी संचालकों से जल्द आवेदन कर मानक पूरे करने को कहा।
शिविर में रायबरेली कोचिंग संगठन के वरिष्ठ संरक्षक सूरज शुक्ला और विधिक सलाहकार आलोक श्रीवास्तव ने संगठन का पक्ष रखा। अध्यक्ष तारिक खान ने जिलाधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव सिंह का आभार व्यक्त किया, इसे सराहनीय पहल बताया। रायबरेली कोचिंग संगठन के प्रवक्ता आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि अंतिम दिन अधिक से अधिक आवेदन पूरे कराए जाएंगे। इससे कोचिंग संस्थानों का संचालन शीघ्र शुरू हो सकेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव सिंह ने सील किए गए संस्थानों पर अगले दिन चर्चा कर निर्णय लेने का आश्वासन दिया।