रायबरेली। स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्तूबर को होने वाले मतदान की तैयारियों को लेकर शनिवार को डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिले में इस बार 29,261 स्नातक मतदाता और 4,384 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। डीएम ने कहा कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराने के निर्देश भी दिए। डीएम ने बताया कि लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन के लिए जिले में 41 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 29,261 मतदाता मतदान करेंगे। वहीं, लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए 20 मतदान केंद्रों पर 4,384 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस प्रकार जिले में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 61 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
बैठक में सीडीओ अंजूलता, एडीएम (प्रशासन) सिद्धार्थ, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र, एडीएम (न्यायिक) विशाल यादव, एएसपी पवन गौतम, जाॅइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चंद्र, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह और वरिष्ठ कोषाधिकारी शालिनी सिंह मौजूद रहे।
निगरानी के लिए तैनात होंगे मजिस्ट्रेट
डीएम ने बताया कि 23 अक्तूबर को मतदान के बाद 27 अक्तूबर को लखनऊ में मतगणना होगी। चुनाव प्रक्रिया पर प्रभावी निगरानी रखने के लिए जिले में 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट, छह जोनल मजिस्ट्रेट और 18 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।