रायबरेली। कलेक्ट्रेट स्थित अभिलेखागार के दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा करके करोड़ों की जमीन हड़पने का खेल उजागर हुआ है।
प्रथम दृष्टया जांच में फर्जीवाड़ा पकड़ने के बाद डीएम माला श्रीवास्तव ने सलोन तहसील क्षेत्र के तीन गांवों के सभी दस्तावेजों को सील करा दिया है।
अभिलेखागार के संबंधित कर्मचारियों को हटाने के साथ ही विभागीय जांच शुरू कराने के आदेश दिए हैं। दोषियों पर मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट स्थित अभिलेखागार में जिले की जमीनों से संबंधित दस्तावेज सुरक्षित रखवाए गए हैं। यहां पूर्व में कई बार खेल उजागर हो चुके हैं, लेकिन डीएम माला श्रीवास्तव ने नया फर्जीवाड़ा पकड़ा है।
चर्चा है कि सलोन तहसील क्षेत्र के प्यारेपुर, जौदहा और नुरुद्दीनपुर गांव की सरकारी जमीनों पर लोगों के नाम दर्ज कराकर करोड़ों की कीमत की सरकारी जमीन को डकारने का प्रयास किया गया है।
शिकायत मिलने पर डीएम ने एडीएम से जांच कराई तो अभिलेखागार के दस्तावेजों में किए गए छेड़छाड़ का सच उजागर हो गया। सलोन के तीनों गांवों के राजस्व अभिलेखों में जमकर खेल किया गया है।
जांच में प्रथम दृष्टया अभिलेखों में फर्जीवाड़े की पुष्टि होने के बाद डीएम ने सलोन के प्यारेपुर, जौदहा और नुरुद्दीनपुर की जमीनों के अभिलेखागार में रखे सभी दस्तावेजों को सील करा दिया है।
डीएम के आदेश पर अभिलेखागार के संबंधित बाबू और चपरासी को हटाने के साथ ही विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीएम ने मामले से जुड़े सभी लोगों पर मुकदमा दर्ज कराने के आदेश भी दिए गए हैं।
एडीएम (प्रशासन) अमित कुमार की टीम फर्जीवाड़े में शामिल लोगों को चिन्हित करने के लिए जांच शुरू कर दी है। साथ ही बढ़ा मामला पकड़ में आने के बाद शुरू हुई कार्रवाई की प्रक्रिया से संबंधितों में हड़कंप मच गया है।
अभिलेखागार में लंबे समय से चल रहा खेल
पिछले साल सदर तहसील क्षेत्र के रायबरेली-अयोध्या राजमार्ग के किनारे उफरामऊ गांव में दो करोड़ की करीब चार बीघा बंजर जमीन को सरजूदेई के नाम दर्ज करके खेल पकड़ में आया था।
जांच में मामले की पुष्टि होने के बाद तत्कालीन अभिलेखपाल राजस्व व संप्रति प्रशासनिक अधिकारी मंजूलता दीक्षित, अभिलेखागार राजस्व महादेव, तहसील कर्मी अभिलेखागार जमुना प्रसाद के अलावा उफरामऊ निवासी विद्याकांत, रमाकांत, श्रीकांत, गीता, विष्णुकांत, शिवाकांत, सोनल आदि पर मुकदमा दर्ज कराया गया था।
इसी तरह पूर्व में अभिलेखागार के कई और कारनामे उजागर हो चुके हैं। नया मामला उजागर होने के बाद अभिलेखागार फिर से सुर्खियों में आ गया है।
सलोन तहसील क्षेत्र के तीन गांवों के अभिलेखागार में रखे जमीनों के दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ की गई है। जांच में प्रथम दृष्टया पुष्टि के बाद कर्मचारियों को हटाकर विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इस प्रकरण से जुड़े सभी दोषियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
माला श्रीवास्तव, जिलाधिकारी