रायबरेली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गुरुवार को लालगंज और सरेनी क्षेत्र में मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया।
सरेनी में राइन ब्रान ऑयल संदिग्ध प्रतीत होने पर नमूना सील करने के साथ ही 368 किलो ऑयल को जब्त करके सीज कर दिया गया। लालगंज में वी-बाजार से दो नमूने सील कर जांच के लिए भेजा गया। टीम के पहुंचते ही कस्बों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार दुकानें बंद करके भाग गए।
एफएसडीए के अभिहित अधिकारी इंद्र बहादुर यादव ने बताया कि शिकायतें मिलने पर गुरुवार को सरेनी स्थित कमलेश साहू की दुकान पर छापा मारा। यहां प्लास्टिक के ड्रमों के रखा 368 किलो राइस ब्रान ऑयल की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होने पर नमूने सील करने के साथ ही ऑयल को सीज कर दिया गया।
लालगंज चौराहा स्थित वी-बाजार से एफएसओ अपराजिता तिवारी ने साबूत उड़द और एफएसओ राजेश तिवारी ने लाल मसूर का नमूना सील किया। नमूनों का जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।