शिवगढ़ (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र में विकास कार्यों में मनमानी की शिकायतों की जांच करने परियोजना निदेशक पहुंचे। इस दौरान शिकायतें सही पाए जाने पर उन्होंने मातहतों को फटकार लगाई। खामियों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेड़ारू व सरांय छत्रधारी गांव के ग्रामीणों ने मनमानी की शिकायत डीएम से की थी। डीएम के निर्देश पर परियोजना निदेशक प्रेमचंद पटेल जांच करने सराय क्षत्रधारी गांव पहुंचे। सात आवासों की जांच की।
सरांय क्षत्रधारी में प्रशाधन में खामियां थी। इस पर ग्राम पंचायत अधिकारी को फटकार लगाई। पूर्व में बने प्रशाधनों को भी दुरुस्त करवाने का निर्देश दिया। वहीं ग्राम पंचायत बेड़ारू में कमलेश कुमारी ने आवास न मिलने की शिकायत की थी। मौके पर लाभार्थी के अभिलेख चेक किए गए।
लाभार्थी का नाम पात्रता सूची में पाया गया। इस पर आगे मिलने वाले लक्ष्य में लाभार्थी को आवास दिलाने का निर्देश मातहतों को दिया। परियोजना निदेशक ने बताया कि दो ग्राम पंचायतों में जांच की गई है, जो भी खामियां मिली थी, उसकी जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अजय कुमार सिंहए सहायक विकास अधिकारी सहकारिता अभिषेक सिंह आदि उपस्थित रहे।